रायगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जन्मदिन के दिन सोशल मीडिया पर किया ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार, रवि भगत ने 1 जुलाई को अपने जन्मदिन के दिन सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की घोषणा की। उनका इस्तीफा पत्र अब तेजी से वायरल हो रहा है।
निजी कारणों का हवाला देकर दिया इस्तीफा
त्यागपत्र में रवि भगत ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश होता को संबोधित करते हुए लिखा कि पार्टी ने उन्हें एक छोटे गांव से पहचान और सम्मान दिया, जिसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।
शीर्ष नेतृत्व को भेजी गई प्रतिलिपि
रवि भगत ने अपने इस्तीफे की प्रति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को भी भेजी है। इसके बाद यह मामला पार्टी और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
पहले भी पार्टी से हुए थे अलग-थलग
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पहले रवि भगत ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला था, जिसके बाद उन्हें भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। अब उनके पार्टी छोड़ने के फैसले को उसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।















































