व्यापम परीक्षा 2026 को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी, 2.47 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

SHARE:

सक्ती। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (Vyapam) द्वारा 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा राज्य के 16 जिलों में आयोजित होगी, जिसमें लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

हालांकि परीक्षा केवल 16 जिलों में आयोजित हो रही है, लेकिन इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षा केंद्र समय से पहले पहुंचने की अपील

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जिससे फ्रिस्किंग और पहचान पत्र सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

यह परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।

ड्रेस कोड और सुरक्षा नियम कड़े

परीक्षा में अनुशासन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।

काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को समय से पहले पहुंचकर अतिरिक्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा।

केवल चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पाउच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण ले जाना सख्ती से प्रतिबंधित किया गया है।

अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन के साथ ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

अनुचित साधन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों (unfair means) का उपयोग करने पर अभ्यर्थी की उम्मीदवारी तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment