सक्ती में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 11 हाईवा वाहन और JCB मशीन जब्त

SHARE:

सक्ती। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन (illegal sand mining) और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम मरघट्टी में मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

ग्रामीणों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरघट्टी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के आसपास भारी वाहनों से रेत ढुलाई और स्वीकृत रेत घाट के पास बड़े वाहनों के माध्यम से अवैध उत्खनन की शिकायत ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर कार्यालय में की गई थी। शिकायत के आधार पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

11 हाईवा वाहन और JCB मशीन जब्त

निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त कुल 11 हाईवा वाहन जब्त किए गए, जिनमें CG 11 BH 7963, CG 11 BH 1621, CG 28 Q 9988, CG 04 QJ 9758, CG 11 BU 0722, CG 11 BL 3309, CG 11 BB 9995, CG 12 BG 1560, CG 11 BF 6516, CG 04 PQ 2252 और CG 04 PQ 7299 शामिल हैं।

इसके अलावा अवैध उत्खनन में उपयोग की जा रही 01 JCB (चेनमाउंटेन एक्सीवेटर 205) मशीन भी जब्त की गई है। सभी वाहनों को थाना हसौद में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

खनिज विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों और मशीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का सख्त संदेश

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई