तिल्दा में मामूली विवाद बना जानलेवा, 16 वर्षीय छात्र की चाकूबाजी में मौत

SHARE:

दो दोस्तों के बीच विवाद ने लिया हिंसक रूप
Raipur के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। 9वीं कक्षा पास कर चुके 16 वर्षीय छात्र अमन यदु की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और आपस में दोस्त भी बताए जा रहे हैं।

‘मोटा’ कहकर चिढ़ाने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 9वीं की परीक्षा के दौरान घायल किशोर ने अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अमन ने किशोर को रास्ते में बुलाया।

चाकू से हमला, बचाव में पलटवार
बताया जा रहा है कि अमन घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया और किशोर के गले पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में घायल किशोर ने बचाव करते हुए चाकू छीन लिया और अमन पर पलटवार कर दिया। झड़प में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में अमन ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान अमन यदु की मौत हो गई। वहीं घायल किशोर को पहले मिशन अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए Raipur रेफर किया गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, वजहों की पड़ताल जारी
पुलिस के अनुसार दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं और एक ही वार्ड में करीब 400 मीटर की दूरी पर रहते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई