कलेक्टर के निर्देश पर चला विशेष अभियान, आमजन की सेहत पर फोकस
सक्ती जिले में गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है।
पैक्ड पानी, कोल्ड ड्रिंक और आइसक्रीम की बढ़ती खपत पर विभाग सतर्क
गर्मी के मौसम में पैक्ड पानी, पानी पाउच, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स और सॉफ्ट ड्रिंक का उपयोग बढ़ने के चलते विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। आम लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए इन उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
नया बाराद्वार और जैजैपुर में कार्रवाई, ब्रांडेड ड्रिंक के सैंपल लिए गए
निरीक्षण के दौरान विकासखंड सक्ती के नया बाराद्वार स्थित विनायक ट्रेडर्स से कैम्पा एनर्जी ड्रिंक का नमूना लिया गया। वहीं जैजैपुर में शुभम के मार्ट से पेप्सी जीरो शुगर कार्बोनेटेड ड्रिंक का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
ठेलों पर भी सख्ती, गन्ना रस और कुल्फी विक्रेताओं को दिए स्वच्छता के निर्देश
खाद्य सुरक्षा टीम ने गन्ना रस, कुल्फी, बर्फ गोला और काजू शेक बेचने वाले ठेलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विक्रेताओं को हेड कवर और हैंड ग्लव्स वितरित किए गए और साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे होगी कार्रवाई, विभाग ने बढ़ाई निगरानी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ किया है कि मिलावट या मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई होगी।















































