सरगुजा में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई: कृषि अधिकारी 1 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

SHARE:

सरगुजा। सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की संयुक्त टीम ने कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

3 लाख की मांग, पहली किश्त में ही पकड़ा गया
आरोपी बीज निरीक्षक एवं कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत ने पीड़ित से 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए दबोच लिया।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मामले की शिकायत सूरजपुर जिले के प्रतापपुर निवासी अजीत कुमार कश्यप ने ACB अंबिकापुर में दर्ज कराई थी। पीड़ित हैदराबाद की साईं भव्या सीड्स कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत है और बीज आपूर्ति का कार्य करता है।

झूठे केस में फंसाने की दी थी धमकी
शिकायत के अनुसार, बिक्री के बाद बचा हुआ बीज अंबिकापुर के दरिमा रोड स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। इसकी जानकारी मिलने पर आरोपी अधिकारी ने अवैध भंडारण का आरोप लगाकर कार्रवाई की धमकी दी और बदले में 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।

योजना बनाकर रंगे हाथ पकड़ा
पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय शिकायत कर कार्रवाई कराने का फैसला लिया। सत्यापन के बाद ACB-EOW टीम ने 12 अप्रैल को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई