भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट में भीषण आग, पांच से ज्यादा घायल, टर्बाइन में हुआ था ब्लास्ट

SHARE:

भिलाई : भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि टरबाइन सेक्शन में ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैली. जिससे चारों ओर धुएं का गुबार छा गया. घटना के समय टरबाइन के पास काम कर रहे कर्मचारियों ने पीछे के रास्ते से भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई. इस घटना में 5 से अधिक कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है. सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और संयंत्र प्रबंधन के अफसर मौके पर पहुंचे.

गैस का रिसाव होने से झुलसे कर्मचारी

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो ब्लास्ट के बाद गैस का रिसाव हुआ जिससे आग फैली और पांच लोग झुलस गए. इसमें बीएसपी कर्मी शिवमोहन त्रिपाठी. श्रीराम ठेका कंपनी के मनीष और शुशांत शामिल हैं.वहीं दो अन्य झुलसे हुए लोगों के नाम सामने नहीं आए हैं. घटना स्थल पर चारों ओर धुएं का गुबार छा गया.प्रशासन और प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. वहीं गैस की भाप से झुलसे लोगों का सेक्टर 9 अस्पताल में इलाज जारी हैं.

संभवत: शॉर्ट सर्किट या फिर स्टीम ओव्हर हीट होने के कारण हादसा होने का अंदेशा है.प्रारंभिक तौर पर पांच लोगों को घटना में चोट लगने की जानकारी सामने आई है.इस हादसे में कहीं ना कहीं ठेका श्रमिकों को सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है.क्योंकि उनकी सुरक्षा को लेकर बीएसपी प्रबंधन को उचित कदम उठाने चाहिए.हमारी यही मांग है कि प्लांट में काम करने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करे,ताकि हादसों को रोका जा सके- अमित बर्मन, उपाध्यक्ष, बीएसपी वर्कर्स यूनियन

दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू

इस हादसे के बाद फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के काम में जुटी और आग पर काबू पाया.प्रशासन और प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है.आग लगने से पीबीएस 2 में बिछाई गई केबल वायर जल चुकी है.

पहले भी हो चुका है हादसा

आपको बता दें कि भिलाई स्टील प्लांट में जनवरी के महीने में भी भीषण आग लगी थी. प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप नंबर 2 के तीनों कन्वर्टर में आग लगी थी.उस वक्त हॉट मेटल के जमीन पर गिरने से हादसा हुआ था. प्लांट में काफी दूर तक हॉट मेटल जमीन पर बिखरा हुआ था, जिसके कारण केबिल जल गया था. इस दौरान देखते ही देखते केबल में आग तेजी से फैली थी. आग के कारण केबल के जंक्शन में काफी तेज ब्लास्ट हुआ था. इस हादसे में किसी भी तरीके की अप्रिय स्थिति नहीं बनी थी.

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई