घर के बरामदे में खड़ी कार में लगी रहस्यमयी आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक

SHARE:

पेंड्रा/मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारी में देर रात एक रहस्यमयी घटना सामने आई, जहां घर के बरामदे में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर खाक हो गया। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

रात 2 बजे अचानक बजने लगा कार का हॉर्न

जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहारी निवासी अश्विनी चतुर्वेदी की कार उनके घर के बरामदे में खड़ी थी। देर रात करीब 2 बजे अचानक कार का हॉर्न बजने लगा। हॉर्न की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए और बाहर निकलकर देखा तो कार आग की लपटों से घिरी हुई थी।

परिजनों के मुताबिक आग लगने के दौरान वाहन धीरे-धीरे आगे की ओर भी बढ़ रहा था, जिससे परिवार के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बोरवेल के पानी से बुझाई आग, लेकिन नहीं बच सकी कार

घटना के बाद परिवार के लोगों ने तत्काल बोरवेल के पानी और पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

आगजनी की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित अश्विनी चतुर्वेदी ने बताया कि कार में आग लगने के साथ-साथ हॉर्न का बजना और वाहन का अपने आप आगे बढ़ना बेहद हैरान करने वाला है। उन्होंने अज्ञात व्यक्ति द्वारा आगजनी किए जाने की आशंका जताते हुए मरवाही थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

हादसा या साजिश? जांच के बाद होगा खुलासा

सूचना मिलने के बाद मरवाही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई