साइबर फ्रॉड से बचाव पर विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारी
सक्ती। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल साक्ष्य विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग लीगल सेल के प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल द्वारा किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ।
व्हाट्सएप वीडियो कॉल से ब्लैकमेलिंग पर एसपी की सख्त चेतावनी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सक्ती पुलिस अधीक्षक आईपीएस प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि आज के समय में साइबर फ्रॉड से बचाव का सबसे बड़ा साधन जागरूकता और सतर्कता है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है, लेकिन इसके नाम पर लोग लाखों-करोड़ों की ठगी का शिकार हो रहे हैं, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक और सेवानिवृत्त कर्मचारी।
एसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से ब्लैकमेलिंग के मामले भी सामने आ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान वीडियो कॉल को स्वीकार न करें। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी सरकारी संस्था ऑनलाइन फॉर्मेलिटी के नाम पर पैसे या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगती।
विशेषज्ञों ने बताया साइबर अपराध का बदलता स्वरूप
कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के वाइस चांसलर डॉ. श्रीधर ने कहा कि साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और इसमें अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क भी सक्रिय है। उन्होंने बताया कि कंबोडिया जैसे देशों से बड़े पैमाने पर साइबर फ्रॉड संचालित हो रहे हैं।
साइबर विशेषज्ञों ने डिजिटल एविडेंस, साइबर लॉ और पुलिस जांच प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही दो-स्तरीय (Two Step) वेरिफिकेशन और सोशल मीडिया सुरक्षा को अनिवार्य बताया।
प्रश्न-उत्तर सत्र में विशेषज्ञों से पूछे गए सवाल
कार्यशाला में अधिवक्ताओं, पत्रकारों, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों ने साइबर अपराधों से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। विशेषज्ञों ने सभी सवालों का विस्तार से जवाब दिया और डिजिटल सुरक्षा के उपाय बताए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी और समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डिप्टी कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, साइबर सेल अधिकारी, अधिवक्ता, पत्रकार और मानवाधिकार कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र बरेठ ने किया तथा स्वागत कांता यादव द्वारा किया गया।















































