घरेलू विवाद बना हत्या का कारण, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ा, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलाईगढ़। थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गमछा से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
रात में विवाद के बाद वारदात, आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03.04.2026 को प्रार्थी सुखीराम साहू (70 वर्ष), निवासी ग्राम खजरी, ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 02.04.2026 की रात भोजन के बाद वह घर में सो रहा था।
रात करीब 12:30 बजे उसका पुत्र राजेश साहू घर आया और बताया कि उसने अपनी पत्नी कांति साहू की गला दबाकर हत्या कर दी है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही थाना बिलाईगढ़ पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। आरोपी राजेश साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम खजरी, जो घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहा था, उसे ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी का गमछा से गला घोंटकर हत्या की है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद कर लिया गया।
सबूत नष्ट करने की कोशिश नाकाम, गमछा जलाने से पहले ही पुलिस ने पकड़ा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हत्या में प्रयुक्त गमछे को जलाकर सबूत नष्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते वह सफल नहीं हो सका और सबूत सुरक्षित कर लिए गए।
शराब की लत और घरेलू विवाद बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब पीने का आदी था। घटना की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान पत्नी कांति साहू द्वारा शराब पीने और काम न करने को लेकर ताना देने तथा शिकायत करने की बात कही गई थी।
इसी विवाद से आक्रोशित होकर आरोपी ने गमछा से गला घोंटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर, पुलिस आगे की जांच में जुटी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।















































