रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 22 मई को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में आम जनता से सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य सरकार और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रायपुर में बैठकर ग्रामीण समस्याओं को पूरी तरह समझा नहीं जा सकता, इसलिए पूरी सरकार गांवों में पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद कर रही है। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में समाधान शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों को पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर मिल रही हैं या नहीं।
करहीबाजार में विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करहीबाजार और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम करहीबाजार में सर्व समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण और सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही करहीबाजार और कोदवा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में भवन निर्माण का ऐलान भी किया गया। मुख्यमंत्री ने ग्राम विटकुली में 20 लाख रुपये की लागत से मांगलिक भवन तथा कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन और रामपुर में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्यों की घोषणा कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।
स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशील पहल
समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ नागरिकों तथा बच्चों को स्वयं अपने हाथों से नजर का चश्मा पहनाया। 76 वर्षीय गोवर्धन ध्रुव, 65 वर्षीय अनुपकुंवर पाल सहित स्कूली बच्चों को चश्मा मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक सहायता मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही योजनाएं
मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। सीएम ने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों में कर रही हैं। वहीं लखपति दीदी अभियान के जरिए बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

किसानों को राहत और ग्रामीण सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को प्राथमिकता से पूरा किया है। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और दो वर्षों का बकाया बोनस दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 6000 से अधिक पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां लोगों को प्रमाण पत्र, राजस्व रिकॉर्ड, बैंकिंग और अन्य सरकारी सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। अब रजिस्ट्री के साथ तत्काल नामांतरण की सुविधा भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि नागरिक ऑनलाइन और टोल फ्री नंबर के जरिए अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।

बिजली बिल समाधान योजना से मिली बड़ी राहत
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत कई हितग्राहियों को राहत दी गई। ग्राम बिटकुली के आशाराम, बाबूलाल, जगदीश, बुधयारिन और चोवाराम सहित कई उपभोक्ताओं को हजारों रुपये की छूट मिली। हितग्राहियों ने बताया कि बढ़े हुए बिजली बिल के कारण आर्थिक परेशानी हो रही थी, लेकिन इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है और अब वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान कर पा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जल संरक्षण और ग्रामीण भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने “मोर गांव मोर पानी अभियान 2.0” के तहत सोखता पिट निर्माण में श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जल संचयन के क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं की सराहना की और कहा कि जल संरक्षण जनभागीदारी से ही सफल होगा।
खेल, शिक्षा और युवाओं को मिला प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और “हम होंगे कामयाब 2.0” पोर्टल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

महासमुंद के कमरौद में बरगद की छांव तले चौपाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महासमुंद जिले के ग्राम कमरौद भी पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, बिजली बिल समाधान योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और अतिरिक्त 10 लाख आवासों का निर्माण भी प्रारंभ हो गया है।

दिव्यांगों और जरूरतमंदों को मिली सहायता
चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को व्हीलचेयर और ट्रायसिकल प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के जीवन को सहज और सम्मानजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार 2026 के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याओं का समाधान करने, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने का प्रयास कर रही है। बलौदाबाजार और महासमुंद के दौरे में मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का फोकस जनकल्याण, पारदर्शिता और ग्रामीण विकास पर केंद्रित है।
















































