दवा दुकानदारों की अखिल भारतीय हड़ताल को लेकर जिले में भी तैयारी, प्रशासन को दी गई सूचना
सक्ती। सक्ती जिले में औषधि विक्रेता संघ द्वारा 20 मई 2026 (बुधवार) को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। यह हड़ताल अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित की जा रही है, जिसमें जिले के दवा दुकानदार भी शामिल रहेंगे। संघ की ओर से इस संबंध में पहले ही प्रशासन को सूचना दे दी गई है।
ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट छूट व्यवस्था के खिलाफ प्रमुख मांगें
संघ द्वारा बताई गई प्रमुख मांगों में दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने और इससे संबंधित GSR 817 (दिनांक 28-08-2018) को वापस लेने की मांग शामिल है। साथ ही कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट को बंद करने की भी मांग उठाई गई है।
इसके अलावा नकली दवाइयों पर सख्त रोक लगाने और इससे संबंधित GSR 220 (दिनांक 26-03-2020) को वापस लेने की मांग भी की गई है।
मरीजों की असुविधा पर जताया खेद, व्यापक समर्थन की अपील
हड़ताल को लेकर संघ की ओर से यह भी कहा गया है कि इससे मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए खेद है, लेकिन मांगों को लेकर यह कदम आवश्यक है।
द ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के जे. एस. शिदे (अध्यक्ष) और राजीव सिंघल (महासचिव), छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के राकेश शर्मा (अध्यक्ष), पवन कुमार पालीवाल (कोषाध्यक्ष), अविनाश अग्रवाल (महासचिव), जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन जांजगीर-चांपा के अविनाश शर्मा (अध्यक्ष), तथा पवन कुमार पालीवाल (सचिव) सहित जिला औषधि विक्रेता संघ सक्ती ने सभी केमिस्टों से हड़ताल में सहयोग करने की अपील की है।















































