रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के बरपाली जंगल में संचालित जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, नगदी, मोबाइल और पांच मोटरसाइकिल जब्त
रायगढ़, 12 मार्च। जिले में जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के अंतर्गत बरपाली के जंगल में जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी रैरूमाखुर्द स्टाफ की विशेष टीम गठित कर मौके पर रेड कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
बरपाली जंगल में ईमली के पेड़ के पास पुलिस की घेराबंदी, जुआ खेलते चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने बरपाली जंगल में ईमली के पेड़ के पास घेराबंदी कर दबिश दी, जहां कुछ लोग 52 पत्ती ताश से जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी जंगल की ओर भाग निकले, जबकि मौके से चार आरोपियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सालिकराम सारथी पिता स्वर्गीय धनीराम सारथी उम्र 55 वर्ष निवासी गिधकालो थाना कांपू जिला रायगढ़, देव प्रसाद राठिया पिता हरिभूषण राठिया उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम गनपतपुर चौकी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़, श्रीकांत यादव पिता वृंदावन यादव उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम चरखापारा चौकी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ तथा निरंजन यादव पिता भुवन यादव उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम चरखापारा चौकी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया।
जुआ फड़ से नगदी 10,600 रुपये, तीन मोबाइल फोन और पांच मोटरसाइकिल जब्त
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुमला नगदी रकम 10,600 रुपये, 52 पत्ती ताश की तीन गड्डी, एक दरी, एक काला थैला तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा मौके से पांच मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जब्त वाहनों में बजाज प्लेटिना क्रमांक CG 13 BG 9618, हीरो HF डिलक्स क्रमांक CG 14 MR 8099, विक्रांता V15 क्रमांक CG 13 V 5466, टीवीएस रेडियॉन बिना नंबर तथा फैशन प्रो बिना नंबर प्लेट शामिल हैं। पुलिस ने जुआ रेड कार्रवाई में नगदी जुआ रकम सहित कुल 1 लाख 10 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज, आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई
मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना धरमजयगढ़ अंतर्गत चौकी रैरूमाखुर्द में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश, जुआ सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर लगातार होगी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी और रेड कार्रवाई जारी रहेगी।














































