पीएम किसान की 22वीं किस्त जारी: छत्तीसगढ़ के 24 लाख किसानों को मिलेंगे 498 करोड़, सक्ती जिले के 88 हजार किसानों के खाते में आएंगे 17.70 करोड़

SHARE:

पीएम किसान योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात, 13 मार्च को खातों में सीधे पहुंचेगी राशि

सक्ती। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को शाम 5 बजे गुवाहाटी, असम से सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इस अवसर पर देशभर के लगभग 9.32 करोड़ पात्र किसान परिवारों को 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजना की शुरुआत से अब तक 21 किश्तों के जरिए 4.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता किसानों को मिल चुकी है।


छत्तीसगढ़ के 24 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ, 498.83 करोड़ रुपये की राशि होगी ट्रांसफर

केंद्र सरकार द्वारा जारी इस किस्त से छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 यूनिक लाभार्थी किसानों को कुल 498.83 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे प्रदेश के किसानों को कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी आय में सहायक बढ़ोतरी होगी।


सक्ती जिले के 88 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा फायदा, 17.70 करोड़ रुपये होंगे जारी

इस योजना के तहत सक्ती जिला के 88 हजार 023 किसानों के बैंक खातों में लगभग 17.70 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। किसानों के खातों में सीधे राशि पहुंचने से उन्हें खेती-बाड़ी से जुड़े आवश्यक कार्यों में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।


पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा कार्यक्रम, गांव-गांव में होगा सीधा प्रसारण

भारत सरकार के निर्देशानुसार इस अवसर को पूरे देश में पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान नरेंद्र मोदी का संबोधन वेबकास्ट के माध्यम से देशभर में लाइव प्रसारित किया जाएगा। जिले के विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामवासियों और किसानों को इसका सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।


कृषि विभाग ने जनप्रतिनिधियों और किसानों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की

कृषि विभाग ने जिले के जनप्रतिनिधियों, किसानों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। विभाग के अनुसार इस आयोजन का उद्देश्य किसानों को योजना की जानकारी देना और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि वे इसका अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

 

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई