रायगढ़, : जिले में धान खरीदी अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने अवैध धान पर सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 1 लाख 35 हजार 545 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया है। जिले में 31 जनवरी तक धान खरीदी पूरी होनी थी और इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अवैध भंडारण और परिवहन पर विशेष नजर रखी।
ब्लॉकवार कार्रवाई और प्रमुख प्रकरण
ध्यान देने वाली बात यह है कि सबसे अधिक अवैध धान पुसौर ब्लॉक में पकड़ा गया। ओड़िसा सीमा से लगे इस ब्लॉक में 44 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 65,035 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। इसके अलावा धरमजयगढ़ में 29, खरसिया में 25 और रायगढ़ में 23 प्रकरण दर्ज किए गए।
राइस मिल में भारी अवैध भंडारण पकड़ा गया
सहदेवपाली स्थित कृष्णा राईस मिल में निरीक्षण के दौरान 58,284 बोरी अवैध धान भंडारण में पाया गया। खरसिया के मेसर्स बालाजी राईस मिल में 57,677 बोरी और ग्राम सुर्री के शुभ राईस इंडस्ट्रीज में 30,100 बोरी धान जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि ये धान अवैध रूप से भंडारित किया गया था और इसे तुरंत जब्त कर कार्रवाई की गई।
चेक पोस्ट और वाहनों पर भी कड़ी निगरानी
जिले में 10 अंतरराज्यीय और 14 अंतरजिला चेक पोस्ट बनाए गए थे, जिनमें लगातार वाहन और धान की निगरानी की जा रही थी। इस दौरान 21 प्रकरण दर्ज किए गए, 38 वाहनों को जब्त किया गया और 200 से अधिक कोचियों एवं बिचौलियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध धान भंडारण और परिवहन पर कोई ढील नहीं दी जाएगी और खरीदी अभियान के अंतिम दिन तक निगरानी जारी रहेगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करना और राज्य के धान आपूर्ति तंत्र को सुचारू बनाए रखना है।














































