एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक का रेजिडेंशियल प्लान भारत में शुरू कर दिया है। इसके लिए ग्राहकों को हर महीने 8,600 रुपए देने होंगे। हार्डवेयर किट की कीमत 34,000 रुपए रखी गई है, जिसमें डिश और राउटर शामिल हैं। कंपनी अनलिमिटेड डाटा, 99.9% अपटाइम और 30 दिन का ट्रायल भी दे रही है।
भारत के लिए आधिकारिक कीमतें
स्टारलिंक की वेबसाइट पर अब भारत के लिए पूरा प्लान दिख रहा है। इसमें शामिल हैं:
8,600 रुपए प्रति माह सब्सक्रिप्शन
34,000 रुपए का हार्डवेयर किट
अनलिमिटेड डाटा
30 दिन का ट्रायल
ट्रायल के दौरान ग्राहक पहले सेवा आजमा सकते हैं और फिर तय कर सकते हैं कि उन्हें इसे जारी रखना है या नहीं।
कंपनी का दावा: हर मौसम में स्थिर इंटरनेट
स्टारलिंक का कहना है कि उसका सिस्टम अलग-अलग मौसम में भी बिना रुकावट इंटरनेट देने के लिए तैयार किया गया है। इंस्टॉलेशन भी सरल है। डिवाइस प्लग-इन करते ही कुछ मिनट में इंटरनेट चालू हो जाता है। कंपनी के अनुसार यह खासकर उन इलाकों में मददगार हो सकता है जहां अभी भी ब्रॉडबैंड कनेक्शन कमजोर या अस्थिर है।
बिजनेस प्लान जल्द आ सकता है
रेजिडेंशियल प्लान की घोषणा हो चुकी है, लेकिन बिजनेस प्लान पर अभी जानकारी नहीं दी गई है। उम्मीद है कि कंपनी जल्द ही अपने कमर्शियल पैकेज और रोलआउट की जानकारी शेयर करेगी।
भारत में विस्तार की तैयारी
स्टारलिंक पिछले कुछ महीनों से भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। बेंगलुरु ऑफिस के लिए कंपनी ने पेमेंट्स मैनेजर, अकाउंटिंग मैनेजर, सीनियर ट्रेजरी एनालिस्ट और टैक्स मैनेजर जैसी भूमिकाओं के लिए भर्ती निकाली थी। रिपोर्टों के मुताबिक कई शहरों में ग्राउंड स्टेशन बनाने की योजना भी है ताकि नेटवर्क को और मजबूत किया जा सके।
भारत को लेकर मस्क का बयान
हाल में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में एलन मस्क ने कहा कि भारत स्टारलिंक के लिए बेहद महत्वपूर्ण बाजार है। उनका मानना है कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में जहां अच्छे इंटरनेट की कमी है, वहां स्टारलिंक बड़ा बदलाव ला सकता है।















































