सूरजपुर को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, सीएम साय ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन

SHARE:

63 विकास कार्यों का लोकार्पण और 54 कार्यों का भूमिपूजन; प्रेमनगर नगर पंचायत में 2.70 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा

सूरजपुर, 28 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 232 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने 24 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 63 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 208 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत के 54 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2 करोड़ 70 लाख रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।

प्रेमनगर में सड़क, इंडोर स्टेडियम और डोम निर्माण की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रेमनगर नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर लंबी बीटी सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ 20 लाख रुपये शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। इसी उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

117 विकास कार्यों से जिले को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजपुर जिले के लिए यह खुशी और गौरव का अवसर है। एक साथ 63 विकास कार्यों का लोकार्पण और 54 कार्यों का भूमिपूजन जिले की प्रगति को नई गति प्रदान करेगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

कुल 117 विकास कार्यों पर 232 करोड़ 49 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण के साथ नए निर्माण कार्यों की शुरुआत भी शामिल है।

खराब मौसम के कारण वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिकूल मौसम के कारण प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो पाने पर क्षेत्रवासियों से खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे प्रेमनगर के लोगों से प्रत्यक्ष मुलाकात करने के लिए उत्सुक थे, लेकिन मौसम की बाधा के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment