रायगढ़। देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को रायगढ़ में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर रक्षित केंद्र उर्दना स्थित शहीद परेड ग्राउंड में गरिमामय शहीद परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अमर शहीदों के शौर्य, साहस और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम निहारिया, विशिष्ट अतिथि रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बब्बन पठारे, वार्ड पार्षद आनंद भगत सहित शहीद जवानों के परिजन भी शामिल हुए।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए देश और समाज की सुरक्षा में पुलिस बल के योगदान को नमन किया गया। यह दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा की। शहीद जवानों का त्याग और समर्पण सदैव समाज को राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।






























