Tamnar CHP Violence : CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

SHARE:

ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस की कार्रवाई, पुलिस बल पर हमला और आगजनी समेत गंभीर अपराधों में था नामजद

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा, निवासी ग्राम लिबरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस बल पर हमले समेत कई गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल बेहरा पर पुलिस बल पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित कई गंभीर अपराधों में नामजद होने का आरोप है।

जनसुनवाई के विरोध में चल रहा था आंदोलन

जानकारी के अनुसार, गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लगातार आंदोलनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की जा रही थी।

27 दिसंबर को उग्र हुआ था आंदोलन

पुलिस के मुताबिक, 27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। आरोप है कि राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान सहित अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाया, जिसके बाद पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला किया गया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

इस दौरान पुलिस के शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन भी कथित रूप से लूट लिए गए।

सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी

उग्र भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर लगातार पथराव किया। सड़क किनारे खड़े पुलिस के शासकीय वाहनों और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी गई। इसके अलावा प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई।

16 अपराध दर्ज, अब तक 29 आरोपी गिरफ्तार

घटना के संबंध में अलग-अलग प्रार्थियों की रिपोर्ट पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है

वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment