Chhattisgarh Reform : कैबिनेट सचिव की बैठक में छत्तीसगढ़ ने दिए प्रशासनिक सुधारों के सुझाव, अक्टूबर से दिसंबर तक मनाया जाएगा रिफॉर्म उत्सव

SHARE:

मुख्य सचिव विकासशील ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रखे विचार

रायपुर। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिफॉर्म (सुधार) एवं सुधारात्मक उपायों को लेकर चर्चा की। बैठक में प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए।

छत्तीसगढ़ ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव श्री विकासशील ने राज्य की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सुधारों को गति देने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।

प्रशासन को अधिक जनोन्मुखी बनाने पर जोर

बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों ने भी अपनी-अपनी आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप सुझाव दिए। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने तथा विभिन्न प्रक्रियाओं के सरलीकरण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

केंद्र-राज्य समन्वय मजबूत करने पर चर्चा

बैठक में केंद्र शासन के विभिन्न विभागों के सचिव भी शामिल हुए। केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय मजबूत करते हुए सुधारात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।

अक्टूबर से दिसंबर तक होगा रिफॉर्म उत्सव

बैठक में बताया गया कि अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक देशभर में रिफॉर्म उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान जनता से भी विभिन्न माध्यमों के जरिए प्रशासनिक एवं अन्य क्षेत्रों में सुधार के लिए सुझाव लिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सुधार प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाना है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment