राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत

SHARE:

मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति की घोषणा

रायपुर। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव का आज मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता रजत पदक

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया और यह साबित किया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।

युवाओं और बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को कमजोर नहीं होने दिया। निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अधिक से अधिक खिलाड़ियों को ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।

प्रतिभाओं के सम्मान की प्रतिबद्धता दोहराई

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर गौरवान्वित करेंगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई