मुख्यमंत्री की पहल पर पुनर्वास नीति के तहत मिली मदद
बीजापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और नक्सल प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के तहत बीजापुर जिले के 13 नक्सल हिंसा पीड़ितों को पुनर्वास नीति के अंतर्गत कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार प्रदान की गई है।
गंभीर रूप से घायल और दिव्यांग पीड़ितों को मिलेगा लाभ
यह आर्थिक सहायता उन नागरिकों के लिए स्वीकृत की गई है, जो नक्सली हिंसा में गंभीर रूप से घायल हुए हैं या स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसे पीड़ितों को आर्थिक संबल देकर उन्हें सम्मानजनक जीवन और पुनर्वास का अवसर उपलब्ध कराना है।
इन हितग्राहियों को मिलेगी सहायता
स्वीकृत सहायता राशि का लाभ पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की क्रॉस फायरिंग में घायल नंदू ओयाम और जिला कुंजाम, माओवादियों की मारपीट में घायल ईस्ता बोर्रा, बारूदी सुरंग विस्फोट में घायल मितराम रावटे, आईईडी विस्फोट में घायल कोरसे संतोष, चिड़ेम कन्हैया और कविता कुड़ियम, माओवादियों की मारपीट से स्थायी रूप से दिव्यांग हुए इच्चामी सुदरू, तथा आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल या दिव्यांग हुए राममूर्ति कारम, बबलू उर्फ मोहन कड़ती, गंगा कलमू, राजेश कुमार यादव और सोढ़ी मुकेश को मिलेगा।
डीबीटी के माध्यम से खातों में पहुंचेगी राशि
कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से शीघ्र हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
पुनर्वास के लिए सरकार की निरंतर पहल
राज्य सरकार ने कहा है कि नक्सल हिंसा से प्रभावित नागरिकों को राहत, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना उसकी प्राथमिकता है। पुनर्वास नीति के माध्यम से पीड़ित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल देने के प्रयास लगातार जारी हैं।














































