Nasha Mukt Yuva Abhiyan : प्रधानमंत्री मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान का किया शुभारंभ

SHARE:

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत की। इस राष्ट्रीय अभियान से देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले सभी युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ ली।

‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा जरूरी’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह अभियान केवल एक व्यक्ति या परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे के खतरे को समझने और इससे दूर रहने का आह्वान किया।

कॉलेजों में भी चलाएं जागरूकता अभियान

प्रधानमंत्री ने प्रोफेसरों और शिक्षकों से अपील की कि वे अपने-अपने कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि हर युवा को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

‘नशे से बाहर निकला युवा एक योद्धा है’

पीएम मोदी ने कहा कि जो युवा नशे की लत को हराकर सामान्य जीवन में लौटता है, वह एक योद्धा है और समाज को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का नशे से जुड़ा अतीत उसकी स्थायी पहचान नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ सरकार सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

आध्यात्मिक गुरु और राज्यों के प्रतिनिधि भी हुए शामिल

कार्यक्रम में पूज्य अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी सहित कई आध्यात्मिक गुरु शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा संगठन, MY Bharat, NSS, गैर-सरकारी संगठन और 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने भी भागीदारी की।

100 सप्ताह तक चलेगा जनभागीदारी अभियान

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर भी जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह 100 सप्ताह का जनभागीदारी अभियान होगा। इसके तहत हर रविवार देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई