रायगढ़ के मां शिवा स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग से चार श्रमिक झुलसे

SHARE:

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में बुधवार सुबह हुए औद्योगिक हादसे में चार श्रमिक झुलस गए। इनमें दो श्रमिकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

इंडक्शन फर्नेस में अचानक हुई बॉयलिंग

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे श्रमिक रोज की तरह प्लांट में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान इंडक्शन फर्नेस में अचानक बॉयलिंग होने से प्रमोद सोनी, चौखर सिंह, शनि सिंह और गुड्डू इसकी चपेट में आकर झुलस गए।

दो श्रमिकों की हालत गंभीर

हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्लांट प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां दो गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों का उपचार जारी है।

जांच में जुटा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस तथा औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल ने बताया कि इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग होने से चार श्रमिक झुलसे हैं। इनमें दो की स्थिति गंभीर है। विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई