रायगढ़ में हाथियों का आतंक जारी, राइस मिल में घुसकर धान खाया, कई किसानों की फसल और संपत्ति को नुकसान

SHARE:

रायगढ़। जिले में जंगली हाथियों का दल लगातार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। हाथी न केवल किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि अब राइस मिलों में भी घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। मंगलवार रात छाल रेंज के औरानारा स्थित एक राइस मिल में हाथी ने घुसकर धान खाया और बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया।

राइस मिल में लगातार दूसरे दिन पहुंचा हाथी

जानकारी के अनुसार, औरानारा स्थित राइस मिल में पिछले दो दिनों से एक हाथी लगातार पहुंच रहा है। मंगलवार रात भी हाथी ने परिसर में प्रवेश कर वहां रखा धान खाया और बाउंड्रीवाल तोड़ दी। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू किया।

कई रेंजों में हाथियों की सक्रियता

वन विभाग के अनुसार, छाल रेंज में 9 हाथी अलग-अलग बीट के जंगलों में विचरण कर रहे हैं। वहीं बोरो रेंज के कमोसिनडांड क्षेत्र में 16 हाथियों का दल सक्रिय है, जिसने छह किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है।

प्रभावित किसानों में सुशील खेस, रमेश खेस, बैजनाथ, मानसिंह, सुनाराम बैगा और धरमुराम शामिल हैं, जिनके खेतों में हाथियों ने घुसकर फसल बर्बाद कर दी।

अन्य क्षेत्रों में भी नुकसान

धरमजयगढ़ रेंज के ढालीपारा में कजल विश्वास की धान की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। वहीं कापू रेंज के अलोला गांव में राधे नाग और भुडुल नाग तथा सोनाजारी गांव के जयमन और बाकारूमा रेंज के जामबीरा निवासी कैलू के शौचालय भी हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिए।

वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क

छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि औरानारा राइस मिल में पिछले दो दिनों से एक हाथी लगातार पहुंच रहा है। विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखे हुए है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय जंगल व हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई