गुरु पूर्णिमा पर बनोरा अघोर गुरु पीठ में उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिया गुरु आशीर्वाद

SHARE:

रायगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ ट्रस्ट में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही आश्रम परिसर में मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। देश के विभिन्न राज्यों और छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री ने लिया गुरु आशीर्वाद

गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी बनोरा पहुंचे। उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी का आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अघोर गुरु पीठ ब्रह्मनिष्ठालय केवल आध्यात्मिक चेतना का केंद्र ही नहीं, बल्कि शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। वहीं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बाबा जी के आशीर्वचन समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रहे हैं।

सर्वधर्म समभाव का बना संदेश

गुरु पूर्णिमा समारोह में राजनीतिक, सामाजिक, औद्योगिक, धार्मिक, व्यापारिक और मीडिया जगत से जुड़े अनेक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा आम श्रद्धालुओं ने एक साथ गुरु चरणों में शीश नवाकर सामाजिक समरसता और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

आश्रम में ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं छत्तीसगढ़ के रायगढ़, जशपुर, कोरबा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, अंबिकापुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम, बालोद और अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में अनुयायी पहुंचे।

पूजन, सत्संग और भंडारे का हुआ आयोजन

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वज पूजन, सप्तशती पाठ, गुरुचरण पादुका पूजन, हवन, सामूहिक आरती और गुरुगीता पाठ से हुई। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा प्रियदर्शी राम जी के दर्शन किए। बिलासपुर की स्वर तरंग संस्था ने भजनों की प्रस्तुति दी, जबकि दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं के साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

निर्माणाधीन स्कूल का किया निरीक्षण

भंडारे के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने आश्रम परिसर में निर्माणाधीन अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। शाम को बाबा प्रियदर्शी राम जी के सत्संग में हजारों श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक प्रवचन का श्रवण किया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई