रायगढ़। जिले की ग्राम पंचायत लाखा के चिराईपानी-गेरवानी पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश एक बार फिर बढ़ने लगा है। जुलाई 2025 में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने चक्काजाम और आर्थिक नाकेबंदी की थी। उस दौरान प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित कंपनियों ने एक माह के भीतर सड़क निर्माण का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
धूल से लेकर कीचड़ तक, हर मौसम में परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के दिनों में उन्हें धूल और बरसात में कीचड़ से जूझना पड़ता है। सड़क की बदहाली के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
औद्योगिक वाहनों से सड़क हुई जर्जर
चिराईपानी-गेरवानी मार्ग से कई औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। इनमें सुनील इस्पात एंड पावर लिमिटेड, महालक्ष्मी कास्टिंग, वेजरान इंडस्ट्रीज के दो प्लांट, ओम श्री रुपेश स्टील और रियल वायर जैसी कंपनियां शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से कच्ची सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यही मार्ग आसपास के गांवों के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग भी है।
दो बार मिला आश्वासन, नहीं हुआ समाधान
जुलाई 2025 में ग्रामीणों के आंदोलन के बाद तत्कालीन अतिरिक्त तहसीलदार अनुराधा पटेल की मौजूदगी में कंपनी प्रतिनिधियों ने एक माह के भीतर सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। साथ ही सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को हटाने और पार्किंग में रखने के निर्देश भी दिए गए थे।
इसके बावजूद सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ। बाद में ग्रामीणों ने दोबारा आंदोलन किया, जिस पर तहसीलदार शिव कुमार डनसेना ने भी कंपनियों से सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिलाया। कंपनियों ने बारिश समाप्त होने के बाद पक्की सड़क बनाने का लिखित आश्वासन दिया और फिलहाल गड्ढों को स्लैग चूरे से भरकर मरम्मत कराई, लेकिन यह व्यवस्था कुछ ही दिनों में बेअसर साबित हुई।
ग्रामीणों ने दी फिर आंदोलन की चेतावनी
एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में भारी रोष है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे फिर से आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित कंपनियों से तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।















































