रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवा साथियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी का श्रवण किया।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के साथ संवाद का एक सशक्त माध्यम बन गया है, जो समाज में हो रहे सकारात्मक, प्रेरणादायी और नवाचारी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह देशभर के लोग इस कार्यक्रम का उत्सुकता से इंतजार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे व्यक्तियों, संस्थाओं, नवाचारों और जन-अभियानों को देश के सामने लाते हैं, जो बिना किसी प्रसिद्धि या व्यक्तिगत अपेक्षा के समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को मिल रही राष्ट्रीय पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में लगातार छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों का उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इससे पहले मल्हार की समृद्ध पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे अभिनव आयोजनों का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि, जनजातीय परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश की सकारात्मक छवि देशभर में मजबूत हुई है और स्थानीय प्रतिभाओं तथा नवाचारों को नई पहचान मिली है।















































