धरमजयगढ़ के क्रोंधा गांव में 72 घंटे के भीतर पुलिस ने किया सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा, पुलिस डॉग ‘रूबी’ और वैज्ञानिक जांच बनी सफलता की बड़ी कड़ी
रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वर्षों पुराने जमीन विवाद में दो सगे भाइयों ने रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शवों और घर में आग लगाकर हत्या को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जले हुए शव मिलने से मचा था हड़कंप
15 जुलाई को औरामुड़ा निवासी मंगल राठिया और उनकी पत्नी के जले हुए शव घर के भीतर मिले थे। सूचना पर धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस डॉग ‘रूबी’ बनी खुलासे की अहम कड़ी
घटनास्थल पर मिली हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की गंध लेकर पुलिस डॉग ‘रूबी’ सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। एफएसएल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल राठिया (32) और उसके बड़े भाई जीवन लाल राठिया (48) से पूछताछ की। दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।
ज्यादा कीमत देकर जमीन खरीदने से थी रंजिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक किसान से चार एकड़ जमीन का सौदा किया था, लेकिन बाद में मंगल राठिया ने अधिक कीमत देकर वही जमीन खरीद ली। इसके बाद मृतक उसी जमीन पर मकान बनाकर खेती करने लगा, जिससे दोनों भाई लंबे समय से रंजिश रखते थे। 14 जुलाई की रात दोनों कुल्हाड़ी लेकर घर पहुंचे और पहले मंगल राठिया, फिर उनकी पत्नी पुनाई बाई की हत्या कर दी।
शव और घर में लगाई आग, हादसा दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी। इसके बाद घर के दो कमरों में भी आग लगा दी, ताकि पूरी घटना आगजनी की दुर्घटना लगे। वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी मौके पर छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए।
हथियार और कपड़े बरामद, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।















































