मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले— ‘समस्या तुंहर, समाधान हमर’ के साथ सुशासन का मजबूत माध्यम बनी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076
रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 ने अपने संचालन के पहले ही महीने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 13 जुलाई 2026 तक हेल्पलाइन के माध्यम से 42,653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। इनमें 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं सकारात्मक अभिमत के साथ अपने प्रकरण बंद कराए हैं।
जनता और शासन के बीच मजबूत सेतु बनी हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आज आमजन और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन-1076 का अधिकाधिक उपयोग करें और अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी दें।
24×7 सेवा, 8 हजार अधिकारी कर रहे मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है। यह सेवा सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे संचालित होती है। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक करीब 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं, जिससे प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
तकनीक आधारित व्यवस्था से बढ़ा जनता का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब नागरिकों को अपनी समस्या लेकर अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। केवल एक फोन कॉल के माध्यम से शिकायत दर्ज होती है, उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाता है। इससे शासन और जनता के बीच संवाद अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी हुआ है।
इन विभागों में सबसे ज्यादा शिकायतों का समाधान
विभागवार आंकड़ों के अनुसार ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक प्राप्त हुईं। वहीं समाधान के मामले में भी इन विभागों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए क्रमशः 3,066, 2,530 और 1,314 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया।
सुशासन की नई पहचान बनी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
राज्य सरकार का कहना है कि महज एक महीने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने यह साबित कर दिया है कि संवेदनशीलता, तकनीक और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर सुशासन का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचता है। “समस्या तुंहर, समाधान हमर” की भावना के साथ संचालित यह पहल विकसित छत्तीसगढ़ के जन-केंद्रित, पारदर्शी और उत्तरदायी शासन मॉडल की नई पहचान बनकर उभरी है।















































