व्यापम ने जारी किए प्रवेश पत्र, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज एवं SDRF के अंतर्गत फायरमैन सहित अन्य पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 13 जुलाई 2026 को व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं।
मोबाइल नंबर और पासवर्ड से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
अभ्यर्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और पासवर्ड के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। यह परीक्षा रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा ऑफलाइन मोड में केवल रायपुर के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
295 पदों पर होगी भर्ती
NSF26 भर्ती अभियान के तहत कुल 295 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें—
- फायरमैन के 117 पद
- स्टेशन ऑफिसर (SI) के 21 पद
- व्हीकल ड्राइवर के 14 पद
- ड्राइवर-कम-ऑपरेटर के 86 पद
- स्टोर कीपर के 32 पद
- वॉच रूम ऑपरेटर के 19 पद
- मैकेनिक के 2 पद शामिल हैं।
परीक्षा में इन बातों का रखें ध्यान
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
ड्रेस कोड और प्रतिबंधित सामग्री
व्यापम ने परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड भी जारी किया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े प्रतिबंधित रहेंगे।
फुटवियर में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, मोबाइल, पर्स, पाउच, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं संचार उपकरण परीक्षा कक्ष में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा और अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा।
व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित किया जा सकता है। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर अभ्यर्थिता समाप्त करने के साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी।















































