जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध कब्जे हटाए गए, बेतरतीब पार्किंग पर सख्ती
रायगढ़। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमण एवं बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ व्यापक संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान राजमार्गों से अवैध कब्जे हटाए गए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 से अधिक वाहनों पर करीब 41 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
कलेक्टर और एसएसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी मयंक चतुर्वेदी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने कांशीराम चौक, छातामुड़ा चौक सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर सघन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, डीएसपी यातायात उत्तम प्रसाद सिंह, एसडीएम महेश शर्मा, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों तथा जिला परिवहन विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।
राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाए गए अवैध अतिक्रमण
संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के राइट ऑफ वे (Right of Way) क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाया। दुकानों के सामने बनाए गए अस्थायी शेड, सड़क पर किए गए अवैध विस्तार और अन्य बाधाओं को हटाते हुए संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बेतरतीब पार्किंग पर सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान राजमार्ग और प्रमुख चौराहों के आसपास अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों एवं अन्य गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात बाधित करने वाले 41 से अधिक वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹41 हजार का अर्थदंड वसूला गया।
15 मीटर दायरे में बिना अनुमति नहीं होगा निर्माण
जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे 15 मीटर की परिधि में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अथवा संबंधित मंत्रालय की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण, लाइसेंस या अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी अथवा नवीनीकृत नहीं किया जाएगा। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप अभियान की अनुपालन रिपोर्ट भी निर्धारित समय में प्रस्तुत की जाएगी।
प्रशासन की अपील और चेतावनी
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सभी दुकानदारों, ढाबा संचालकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे औचक अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक एवं वित्तीय कार्रवाई की जाएगी।















































