Sakti Cooperative Bank : सहकारी बैंक में भ्रष्टाचार के आरोप, नोडल अधिकारी पर रिश्वत लेने की शिकायत

SHARE:

कर्मचारी ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सीईओ से की शिकायत, बैंक खातों और लेन-देन की जांच की मांग

सक्ती। जिले के सहकारिता विभाग में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी अश्विनी पाण्डेय पर रिश्वत लेने और विभागीय कार्यों में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बिलासपुर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सीईओ को शिकायत सौंपकर जांच की मांग की गई है।

अनुभवहीन कर्मचारियों की नियुक्ति में लेन-देन का आरोप

शिकायतकर्ता कर्मचारी शशिकांत महंत ने आरोप लगाया है कि धान खरीदी वर्ष 2025-26 के दौरान अनुभवहीन कर्मचारियों की नियुक्ति की गई और इन नियुक्तियों में कथित रूप से पैसों का लेन-देन हुआ। शिकायत में डभरा और चंद्रपुर शाखा क्षेत्र की समितियों से एजेंट के माध्यम से राशि एकत्रित कर संबंधित अधिकारी तक पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है।

बैंक खातों और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने नोडल अधिकारी, उनके चालक और कथित एजेंट के बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय गतिविधियों की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा धान खरीदी केंद्रों में हुई नियुक्तियों, सीसीटीवी फुटेज और बैंक लेन-देन की जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की गई है।

जांच के बाद ही स्पष्ट होगी वास्तविक स्थिति

हालांकि, लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से किए गए हैं। इस मामले में संबंधित अधिकारी अश्विनी पाण्डेय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। अब जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई