Fake Marksheet Scam Raigarh : फर्जी अंकसूची से डाकपाल की नौकरी दिलाने वाला मास्टरमाइंड कोरबा से गिरफ्तार

SHARE:

ग्रामीण डाक सेवक भर्ती में फर्जी 10वीं की अंकसूची से लाखों की ठगी, मुख्य आरोपी न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़। रायगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी अंकसूशी उपलब्ध कराकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी विनोद कुमार राठौर को कोरबा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस पूरे फर्जीवाड़े और ठगी नेटवर्क की जांच में जुटी है।

फर्जी अंकसूची से मिली थी डाकपाल की नौकरी

जानकारी के अनुसार, जुलाई 2023 में भारतीय डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाक सेवकों की ऑनलाइन भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस दौरान जिला सक्ती निवासी नरेन्द्र कुमार और जांजगीर-चांपा निवासी सोनम साहू ने आवेदन के साथ कक्षा 10वीं की फर्जी अंकसूशी प्रस्तुत की थी। इसके आधार पर दोनों का चयन रायगढ़ डाक संभाग की बर्रा एवं सुलेसा शाखा में ग्रामीण डाक सेवक (डाकपाल) पद पर हो गया था।

दस्तावेज सत्यापन में खुला फर्जीवाड़ा

नियुक्ति से पहले दस्तावेजों का सत्यापन तमिलनाडु बोर्ड से कराया गया, जहां दोनों अंकसूशियां फर्जी पाई गईं। इसके बाद रायगढ़ डाकघर अधीक्षक की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सरकारी नौकरी के नाम पर वसूले लाखों रुपये

जांच के दौरान फरवरी 2026 में दोनों अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात कोरबा निवासी विनोद कुमार राठौर से हुई थी, जिसने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर तीन से साढ़े तीन लाख रुपये मांगे। नरेन्द्र कुमार ने आरोपी को 3.50 लाख रुपये दिए, जबकि सोनम साहू ने नौकरी लगने के बाद भुगतान करने की सहमति दी थी। आरोपी ने दोनों को फर्जी अंकसूशियां उपलब्ध कराईं, जिनका उपयोग भर्ती प्रक्रिया में किया गया।

मुख्य आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विनोद कुमार राठौर घटना के बाद से फरार था। तलाश के दौरान पता चला कि वर्ष 2013 में नकली नोट मामले में उसे 10 वर्ष की सजा हो चुकी है। जेल से रिहा होने के बाद वह दोबारा सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने कोरबा से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से सरकारी नौकरी दिलाने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई