लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी, उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे छात्रों को
रायगढ़। शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (UTD) कैंपस की स्थापना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रहित में बड़ा फैसला लेते हुए चार नए UTD कैंपस स्थापित करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कुलपति से मिलकर ABVP ने जताया आभार
इस निर्णय के बाद एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति प्रो. विनय चौहान से मुलाकात की और छात्र समुदाय की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व में सौंपे गए ज्ञापन पर कुलपति ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया था, जिसे उन्होंने शीघ्र पूरा कर अपनी प्रतिबद्धता साबित की।
रोजगारोन्मुखी विषयों और संचालन व्यवस्था पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान कुलपति प्रो. विनय चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को नए UTD कैंपस की प्रशासनिक व्यवस्था, संचालन प्रणाली तथा विद्यार्थियों के लिए शुरू किए जाने वाले रोजगारोन्मुखी एवं आधुनिक विषयों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन कैंपसों के माध्यम से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
छात्रों के भविष्य के लिए ऐतिहासिक निर्णय
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इस फैसले को रायगढ़ और आसपास के जिलों के हजारों छात्र-छात्राओं के हित में ऐतिहासिक कदम बताया। उनका कहना है कि नए UTD कैंपस शुरू होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और शोध के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे उनका समय, धन और संसाधनों की बचत होगी।
कार्यक्रम में रहे प्रमुख पदाधिकारी मौजूद
इस अवसर पर एबीवीपी की नगर मंत्री रुचि मिश्रा, नगर सह-मंत्री, जिला संयोजक, संगठन मंत्री सहित विद्यार्थी परिषद के कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे छात्रहित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।















































