राधा-कृष्ण मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, आस्था के सागर में डूबा नगर
खरसिया। नगर की पुरानी बस्ती स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से धार्मिक श्रद्धा और सनातन परंपरा के अनुरूप भव्य कलश यात्रा निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों एवं “श्री राधे-राधे” के गगनभेदी जयघोष के बीच प्रारंभ हुई यात्रा नगर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरी, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
भक्ति की अविरल धारा में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
कलश यात्रा में मातृशक्ति, युवा एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं की श्रद्धामयी उपस्थिति और भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। यात्रा के दौरान हर ओर भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए छाया विधायक महेश साहू
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए छाया विधायक महेश साहू ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक मूल्यों को सशक्त करने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देते हैं।




























































