16 और 14 चक्का ट्रकों में हुई टक्कर, छाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दर्ज किया मामला
रायगढ़। छाल थाना क्षेत्र में ग्राम हाटी और पुरूगा के बीच निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास दो भारी वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं दोनों चालक भी घायल हो गए। मामले में छाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीमेंट और कोयला लेकर जा रहे थे दोनों ट्रक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 जुलाई की सुबह करीब 3.15 बजे हाटी और पुरूगा के बीच निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास 16 चक्का और 14 चक्का ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हुई।
16 चक्का ट्रक चालक बालोदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम खरवे निवासी भालचंद साहू अकलतरा से सीमेंट लेकर जशपुर जिले के सन्ना जा रहा था। चालक का आरोप है कि सामने से आ रहे 14 चक्का ट्रक चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसके ट्रक को टक्कर मार दी।
दोनों चालकों को आई चोटें
दुर्घटना में भालचंद साहू के बाएं हाथ, छाती और दोनों पैरों में चोटें आईं, जबकि ट्रक का सामने का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं, दूसरी ओर कोरबा जिले के ग्राम खरमोरा निवासी ट्रांसपोर्टर सुदर्शन मेहता ने भी छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका 14 चक्का ट्रक धनबाद से कोयला लेकर चांपा जा रहा था।
उनके अनुसार हादसे में ट्रक चालक पवन कुमार के दाहिने पैर, जांघ और माथे में चोट आई है। घायल चालक को उपचार के लिए कोरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
छाल पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाया है। छाल पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।















































