रिकॉर्ड रेलवे निवेश से उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास अब केवल नई रेल लाइनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, ऊर्जा सुरक्षा, निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय संतुलित विकास का मजबूत आधार बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। वर्तमान में प्रदेश में ₹51 हजार करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
रेलवे बजट में 24 गुना बढ़ोतरी
सरकार के अनुसार वर्ष 2014 से पहले छत्तीसगढ़ को रेलवे परियोजनाओं के लिए औसतन लगभग ₹300 करोड़ का वार्षिक बजट मिलता था, जबकि वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है। इसे राज्य के इतिहास का सबसे बड़ा रेलवे निवेश बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया विकास का आधार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क से उद्योगों की परिवहन लागत घटेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ना है।
कई महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं पर तेजी से काम
प्रदेश में रावघाट रेल परियोजना, खरसिया-नवा रायपुर-परमालकसा रेल कॉरिडोर, डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल लाइन, कोरबा-अंबिकापुर, गढ़चिरौली-बीजापुर-बचेली, रावघाट-जगदलपुर, अंबिकापुर-बरवाडीह, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा, गेवरा-पेंड्रा, खरसिया-धरमजयगढ़ तथा बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना से जशपुर जिला पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ेगा।
अमृत भारत स्टेशन योजना से बदलेगा स्टेशनों का स्वरूप
प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का लगभग ₹1,680 करोड़ की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अलावा वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, मेमू सेवाओं के विस्तार और रायपुर में आधुनिक रेल सुविधाओं के विकास पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।
ऊर्जा और माल परिवहन को मिलेगी मजबूती
चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को ₹755 करोड़ की स्वीकृति मिली है, जिससे कोयला परिवहन क्षमता बढ़ेगी। वहीं रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधा विकसित करने हेतु ₹175 करोड़ की परियोजना भी स्वीकृत की गई है।
विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रेलवे क्षेत्र में हो रहा रिकॉर्ड निवेश आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को उद्योग, व्यापार, निवेश, रोजगार और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा। बस्तर से सरगुजा तक मजबूत होती रेल कनेक्टिविटी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















































