हर घर में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य, पुराने और नए मीटर की एक सप्ताह तक होगी तुलना
रायगढ़। जिले में बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक घरों में स्मार्ट मीटर स्थापित कर पारदर्शी और आधुनिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके लिए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक टीमें उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें स्मार्ट मीटर के फायदे समझाते हुए मीटर लगा रही हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनावश्यक विरोध करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।
उपभोक्ताओं की शंका दूर करने के लिए विशेष व्यवस्था
बिजली विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी न रहे, इसके लिए नया मीटर लगाने के बाद एक सप्ताह तक पुराने और नए दोनों मीटर समानांतर रूप से चलाए जाएंगे। इससे उपभोक्ता दोनों मीटर की रीडिंग की तुलना कर सकेंगे और किसी भी प्रकार की शंका का समाधान हो सकेगा।
साल के अंत तक सभी उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा स्मार्ट मीटर
जिले में पिछले दो वर्षों से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी है। शासकीय कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अब विभाग का पूरा ध्यान घरेलू उपभोक्ताओं पर है। विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जीनस कंपनी द्वारा किया जा रहा है और इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक जिले के सभी उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगा दिए जाएं।
‘स्मार्ट मीटर लगवाना हर उपभोक्ता की जिम्मेदारी’ : ईई आर.के. राव
कार्यपालन अभियंता (ईई) आर.के. राव ने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को रोजाना बिजली खपत की जानकारी मिलेगी, जिससे वे अपनी आवश्यकता के अनुसार बिजली का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मीटर लगाने वाली कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ा दी है ताकि कार्य जल्द पूरा हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई मीटर लगाने वाली टीम के साथ अभद्रता करता है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
बिजली विभाग ने कहा कि स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने जैसी बातें केवल अफवाह हैं। यदि किसी उपभोक्ता को संदेह हो तो पुराने और नए मीटर की रीडिंग का मिलान कर पूरी पारदर्शिता के साथ उसे संतुष्ट किया जाएगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करें।















































