बदरीनाथ। बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे में हेराफेरी के आरोपों की जांच के लिए गठित बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की चार सदस्यीय समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली है। समिति जल्द ही अपनी रिपोर्ट मुख्य कार्याधिकारी को सौंपेगी।
शिकायत के बाद गठित हुई थी जांच समिति
भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी कर्मचारी पर बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना में अनियमितता की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकेटीसी ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था।
कर्मचारी को जिम्मेदारियों से हटाया, फिर किया गया निलंबित
प्रारंभिक जांच के बाद बीकेटीसी ने वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को गणना ड्यूटी और प्रोटोकॉल संबंधी जिम्मेदारियों से हटा दिया था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज और गणना कक्ष की हुई जांच
जांच समिति ने करीब एक सप्ताह तक बदरीनाथ धाम में रहकर पूरे मामले की पड़ताल की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज, गणना कक्ष में कर्मचारियों की तैनाती, चढ़ावे की प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं की गहन जांच की गई।
बीकेटीसी को रिपोर्ट का इंतजार
शुक्रवार को जांच समिति ने अपनी जांच पूरी कर ली। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने जांच पूरी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि समिति की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















































