समोदा में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
इन विकास कार्यों की हुई घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की।
सुशासन और मोदी की गारंटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण उनकी सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी, यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी” केवल नारा नहीं, बल्कि सरकार की कार्यशैली का प्रतीक है।
आवास, किसानों और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
बुनियादी सुविधाओं और पारदर्शी प्रशासन पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी सोच के साथ सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
बिजली बिल समाधान योजना की अवधि बढ़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक “मोर बिजली” मोबाइल ऐप या वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
858 करोड़ की विकास सौगात का दावा
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।
पौधारोपण, साइकिल वितरण और सम्मान समारोह
मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधारोपण किया। साथ ही सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया।















































