एक माह से बिलासपुर गए थे मकान मालिक, लौटने पर सात कमरों के टूटे मिले ताले
रायगढ़। Raigarh Theft News के तहत कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 90 हजार रुपये की चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतरारोड पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
भतीजे के फोन से हुआ चोरी का खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरपाली निवासी 62 वर्षीय गौरीशंकर पटेल अपनी पत्नी के साथ लगभग एक माह पहले बेटे के पास बिलासपुर गए हुए थे। बुधवार सुबह उनके भतीजे मनोज पटेल ने फोन कर बताया कि घर के अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलते ही गौरीशंकर पटेल तत्काल गांव पहुंचे।
सात कमरों के ताले तोड़कर अलमारी का लॉकर किया साफ
घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट का ताला बंद था, लेकिन मकान के अंदर बने सात कमरों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण और चांदी के सामान चोरी कर लिए।
ये सामान ले उड़े चोर
चोर अपने साथ 7 जोड़ी चांदी के पायल, 6 नग चांदी के बिछिया, 1 जोड़ी हाथ छल्ला, 1 नग चांदी का हाफ करधन, 3 सोने के मंगलसूत्र, 2 चांदी की प्लेट और 5 चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
पीड़ित की शिकायत पर कोतरारोड थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।















































