DMF Raigarh : रायगढ़ में 4.13 करोड़ से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और आईटीआई विकास कार्यों को मंजूरी

SHARE:

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से डीएमएफ से मिली प्रशासकीय स्वीकृति

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व तथा प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से विशेष रूप से ग्रामीण एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार होगा।

घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन पर 2.80 करोड़ रुपये

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण एवं उन्नयन कार्य के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को मिली मंजूरी

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पांच पेयजल परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इसके तहत गोरपार और नंदगांव में 25 केएल सम्पवेल आधारित पेयजल व्यवस्था के लिए 6.47 लाख रुपये, शहपुर में नलकूप, रॉ-वॉटर पंप और पाइपलाइन विस्तार के लिए 9.94 लाख रुपये, नवापारा के लिए 5.32 लाख रुपये तथा पुसल्दा के लिए 8.45 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं से संबंधित गांवों में नियमित एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

आईटीआई भवन का होगा जीर्णोद्धार, बढ़ेगी तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता

युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धरमजयगढ़ शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) भवन के जीर्णोद्धार के लिए 82 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे संस्थान की अधोसंरचना मजबूत होगी और प्रशिक्षण सुविधाओं में सुधार आएगा।

साम्हारसिंघा में बनेगा नया प्राथमिक विद्यालय भवन

शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण हेतु 14 लाख 30 हजार रुपये की प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

संबंधित विभाग करेंगे परियोजनाओं का क्रियान्वयन

स्वीकृत विकास कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। स्वास्थ्य संबंधी कार्य छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन (CGMSC), पेयजल योजनाएं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से कराया जाएगा।

जिले के समग्र विकास को मिलेगी नई गति

डीएमएफ से स्वीकृत इन विकास परियोजनाओं के पूर्ण होने से रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। इससे आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलने के साथ जिले के संतुलित और समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई