रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राज्य सरकार इस वर्ष 9 नए शासकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने की तैयारी में है। इन कॉलेजों के संचालन के लिए 198 पदों पर दो साल की संविदा नियुक्ति की जाएगी। नए कॉलेज शुरू होने के बाद प्रदेश में नर्सिंग की सरकारी सीटें बढ़कर 800 से अधिक हो जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
9 जिलों में शुरू होंगे नए नर्सिंग कॉलेज
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बजट में नए मेडिकल कॉलेज, फिजियोथेरेपी संस्थान और नर्सिंग कॉलेज खोलने की घोषणा की थी। इसी क्रम में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बलरामपुर, बैकुंठपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कुरूद-धमतरी, नवा रायपुर अटल नगर और पुसौर-रायगढ़ में नए शासकीय नर्सिंग कॉलेजों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।
198 पदों पर भर्ती, 144 पद प्रदर्शकों के
इन कॉलेजों में प्राध्यापक के 9 पद, सह प्राध्यापक के 18 पद, सहायक प्राध्यापक के 27 पद और प्रदर्शक (Demonstrator) के 144 पद भरे जाएंगे। सभी नियुक्तियां प्रारंभिक रूप से 2 वर्ष की संविदा अवधि के लिए होंगी। आवश्यकता पड़ने पर सेवा अवधि बढ़ाई भी जा सकेगी।
नर्सिंग सीटों में होगा बड़ा इजाफा
वर्तमान में प्रदेश में 8 शासकीय नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं, जहां बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की करीब 410 सीटें उपलब्ध हैं। नए 9 कॉलेज शुरू होने के बाद राज्य में कुल सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की संख्या 17 हो जाएगी।
इसका सीधा लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा जो नर्सिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं। वर्तमान में बीएससी नर्सिंग की सरकारी सीटें सीमित होने के कारण अधिकांश छात्रों को निजी संस्थानों का रुख करना पड़ता है, जहां फीस काफी अधिक होती है।
दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को मिलेगा फायदा
नए कॉलेज खुलने से दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों के छात्रों को अपने नजदीक ही नर्सिंग शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी। इससे न केवल शिक्षा का विस्तार होगा बल्कि भविष्य में राज्य को प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ भी बड़ी संख्या में उपलब्ध होगा।
आवेदन प्रक्रिया शुरू, 21 जुलाई को आएगी मेरिट लिस्ट
संविदा भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू हो चुकी है, जो 29 जून तक चलेगी। इसके बाद 3 जुलाई को अंतरिम प्रावीण्य सूची जारी होगी। दावा-आपत्ति के बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
मेरिट के आधार पर 15 जुलाई तक शासकीय मेडिकल कॉलेज रायपुर में दस्तावेज सत्यापन होगा, जबकि 21 जुलाई को चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।















































