रायगढ़: पूंजीपथरा क्षेत्र में अज्ञात महिला की जली हुई लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

SHARE:

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अज्ञात महिला की अधजली लाश बरामद हुई है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतका की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।

कच्ची सड़क किनारे मिला शव

पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को तमनार चौक से पूंजीपथरा की ओर जाने वाली कच्ची सड़क के पास स्थित क्रेशर के समीप महिला का शव मिला। शव आधा जला हुआ था और मौके पर घसीटे जाने के निशान भी पाए गए हैं।

पहचान मिटाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और या मौके पर ही की गई, जिसके बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। मृतका का चेहरा बुरी तरह जल चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है।

मृतका का हुलिया जारी

पुलिस ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच है और उसका रंग सांवला है। मौके से पीले और मटमैले रंग की प्लास्टिक चूड़ियां, काले रंग का पेटीकोट, हरे रंग की ‘लोटस’ चप्पल और एक जोड़ी नीले रंग की जेंट्स चप्पल बरामद हुई है।

हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज

इस मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 145/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य छिपाने) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र से कोई 45–50 वर्षीय महिला लापता है या बरामद सामान से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि मृतका की पहचान कर मामले का खुलासा किया जा सके।यह वारदात पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर रही है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई