रायगढ़, 17 जून 2026। जिले में औद्योगिक निवेश को गति देने और निवेश संबंधी लंबित मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निवेश संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की मुख्य महाप्रबंधक अंजू नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सिंगल विंडो सिस्टम के लंबित मामलों की समीक्षा
बैठक में निवेश संवर्धन और औद्योगिक विकास से जुड़े एजेंडा बिंदुओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई और उनके शीघ्र निराकरण पर जोर दिया गया।
ब्याज अनुदान, स्थायी पूंजी निवेश अनुदान, परियोजना प्रतिवेदन, उत्पादन प्रमाण-पत्र, मंडी शुल्क, स्टाम्प शुल्क छूट तथा मार्जिन मनी अनुदान से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
औद्योगिक भूमि और लैंड बैंक पर भी चर्चा
बैठक में औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं जैसे लैंड बैंक, औद्योगिक भूमि, निजी भूमि अर्जन और शासकीय भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। साथ ही केंद्र सरकार की निवेश प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी उद्योग प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई।
उद्योग प्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं
एमओयू निष्पादित इकाइयों, इन्विटेशन टू इन्वेस्ट और अभिस्वीकृति पत्र प्राप्त उद्योगों की स्थापना में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग प्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और लंबित मामलों को सामने रखा।
सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने उद्योग प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया।
धरमजयगढ़ एग्रो प्रोसेसिंग सेक्टर पर भी मंथन
बैठक में लीज पर आवंटित भूमि के खसरों के दुरुस्तीकरण और धरमजयगढ़ में प्रस्तावित एग्रो प्रोसेसिंग सेक्टर परियोजना पर भी चर्चा की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक निवेश बढ़ाने और निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी लंबित मामलों का त्वरित समाधान प्राथमिकता में रखा जाएगा।















































