प्रियदर्शी बाबा ऑडिटोरियम में भव्य आयोजन, नारी सशक्तिकरण का दिखा उत्साह
रायगढ़ नगर निगम के प्रियदर्शी बाबा ऑडिटोरियम में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद राज्य गीत और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और नारी सम्मान से भर दिया।
अंबेडकर चौक से निकली जागरूकता रैली, नारों से गूंजा शहर
कार्यक्रम से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। सैकड़ों महिलाओं ने “नारी शक्ति जिंदाबाद” और “नारी का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे नारों के साथ शहर में जागरूकता का संदेश दिया। रैली कलेक्टोरेट परिसर होते हुए ऑडिटोरियम पहुंची, जहां महिलाओं ने मिस कॉल और हस्ताक्षर अभियान के जरिए भी अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
33% आरक्षण को बताया ऐतिहासिक कदम, लोकतंत्र को मिलेगा मजबूती
सम्मेलन में वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएगा और लोकतंत्र को अधिक समावेशी व सशक्त बनाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को किया जागरूक, अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान
जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल ने कहा कि नारी शक्ति ही राष्ट्र की असली शक्ति है और यह प्रस्ताव महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में बड़ा कदम है। वहीं अन्य वक्ताओं ने भी महिलाओं से जागरूक होकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह ने बढ़ाई आयोजन की गरिमा
कार्यक्रम में अतिथियों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया गया। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया। इस दौरान उपस्थित सभी महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण, समान अधिकार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।














































