बिलासपुर में अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 8 वाहन जब्त, कोयला डिपो सील

SHARE:

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बिलासपुर (Bilaspur) जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बीते तीन दिनों में अभियान चलाकर कुल 8 वाहन और मशीनें जब्त की हैं तथा एक कोयला भंडारण डिपो को सील कर दिया गया है।

कोयला डिपो पर छापा, जेसीबी और ट्रेलर जब्त
10 जून को ग्राम गतौरी में संचालित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी कोयला भंडारण केंद्र की जांच की गई। जांच के दौरान कोयले में कथित मिलावट और भंडारण नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर मौके से एक जेसीबी मशीन और ट्रेलर वाहन जब्त किया गया। दोनों को थाना कोनी की अभिरक्षा में रखा गया है और डिपो को सील कर दिया गया।

तीन दिनों तक चला सघन जांच अभियान
11 और 12 जून को खनिज विभाग ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा को पकड़ा गया, जबकि सकरी क्षेत्र में रेत और गिट्टी परिवहन कर रहे दो अन्य हाइवा वाहन भी जब्त किए गए।

अरपा नदी क्षेत्र में रेत खनन पर कार्रवाई
खोगसरा क्षेत्र में बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (Gaurela-Pendra-Marwahi) जिले की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अरपा नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन करते तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।

प्रशासन का सख्त संदेश
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त सभी वाहन संबंधित थानों की अभिरक्षा में रखे गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई