सूरजपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

SHARE:

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विकास अधिकारी एवं बीज निरीक्षक सोहन लाल भगत को 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने एक प्रकरण में कार्रवाई से बचाने के बदले प्रार्थी से कुल 3 लाख रुपये की मांग की थी।

झूठे केस की धमकी देकर मांगी थी रिश्वत
मामला प्रतापपुर निवासी अजीत कुमार कश्यप से जुड़ा है, जो हैदराबाद की भव्या सीड्स कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, बिक्री के बाद बचे बीजों को उन्होंने कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखा था। इसी दौरान कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को इसकी जानकारी मिली।

आरोप है कि अधिकारी ने इस स्थिति को “अवैध बीज भंडारण” बताते हुए कार्रवाई की धमकी दी और मामले को दबाने के लिए 3 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।

ACB ने बिछाया जाल, पहली किस्त लेते ही गिरफ्तारी
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय पहली किस्त के रूप में जैसे ही आरोपी ने 1 लाख रुपये स्वीकार किए, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसमें अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई