रायगढ़। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने शनिवार को जिले के प्रवास के दौरान शहर में चल रहे करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रायगढ़ को उसकी सांस्कृतिक पहचान—कला, संगीत, साहित्य और संस्कृति की नगरी—के साथ एक आधुनिक एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से संचालित 9 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने शहर में विकसित हो रहे ऑक्सी-जोन, हाईटेक नालंदा लाइब्रेरी, रायगढ़ स्टेडियम परिसर में बन रहे स्विमिंग पूल एवं खेल अधोसंरचना, पहाड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य, एसईसीएल द्वारा विकसित मरीन ड्राइव, कायाघाट पुल निर्माण, एसईसीएल स्टॉप डेम, एफसीआई ऑक्सी-जोन तथा फटहामुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रायगढ़ शहर में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा और यह शहर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में रायगढ़ एक आदर्श विकसित शहर के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
इसके बाद उन्होंने शहर की जल आपूर्ति और सौंदर्यीकरण से जुड़े एनीकट निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी कि कुल कार्य का लगभग 50 मीटर हिस्सा पूरा हो चुका है और शेष कार्य 15 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस पर वित्त मंत्री ने संभावित वर्षा को देखते हुए कार्य को 15 मई तक पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेलपारा एनीकट के जीर्णोद्धार और खर्राघाट बैराज निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में देरी पर नाराजगी जताई और अधिकारियों से तत्काल कारणों की जानकारी लेकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वित्त मंत्री ने एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र की सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत चल रहे केलो रिवर फ्रंट परियोजना का भी अवलोकन किया। लगभग 28.26 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुई है। इसके तहत केलो नदी तट का सौंदर्यीकरण, छठ घाट विकास, नई सड़कें, कियोस्क, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पार्किंग, बोर्ड वॉक, प्लांटर्स और वॉकिंग पाथवे का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यह क्षेत्र शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकेगा।
गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत इन सभी विकास कार्यों की वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी समय-समय पर स्वयं समीक्षा कर रहे हैं, ताकि कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों बनी रहे।















































